खेल रत्न पुरस्कार मिलने से पहले बैडमिंटन खिलाड़ी कृष्णा नागर की मां का निधन

जयपुर: टोक्यो पैरालिंपिक में भारत का नाम रोशन करने वाले राजस्थान के बैडमिंटन खिलाड़ी कृष्णा नागर को खेल रत्न मिलने से पहले ही उनके परिवार में मातम छा गया है। शनिवार दोपहर कृष्णा की मां इंद्रा नागर का निधन हो गया। इसके बाद राष्ट्रपति भवन पहुंचने से पहले ही कृष्णा नागर जयपुर के लिए रवाना हो गए हैं। दरअसल, इंद्रा नागर 5 दिन पहले अपने घर की छत से गिर गई थी। जिसके बाद से ही उनका जयपुर के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था। लेकिन शनिवार दोपहर उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई।
बता दें कि नेशनल स्पोर्ट्स अवॉर्ड कमेटी ने मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कारों के लिए इस बार देशभर के 12 खिलाड़ियों का चयन किया था। इनमें राजस्थान के दो पैरालिंपिक खिलाड़ी अवनि लेखरा और कृष्णा नागर भी शामिल थे। जिन्हें आज शाम राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित करने वाले थे।