पेट्रोल-डीजल पर VAT घटाने का विचार करेगी गहलोत सरकार:16 को मंत्रिपरिषद की बैठक में हो सकता है फैसला

जयपुर: मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 16 नवंबर को कैबिनेट और मंत्रिपरिषद की बैठक बुलाई है। जिसमें पेट्रोल-डीजल की कीमत को कम करने पर गहलोत सरकार विचार करेगी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि, हमने तय किया है कि हम परसो कैबिनेट मीटिंग बुला रहे हैं। कैबिनेट और मंत्रिपरिषद में बैठकर हम विचार-विमर्श करेंगे। जो भी संभव होगा वो हम फैसला करेंगे। जयपुर में प्रदेश कांग्रेस के महंगाई के खिलाफ जनजागरण अभियान की शुरूआत और पैदल मार्च के बाद उन्होंने यह बात कही।
राज्यों में पेट्रोल-डीजल की कीमत में असमानता
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रेस से कहा कि अलग-अलग राज्यों ने अलग-अलग वैट के रेट्स में कमी करके दाम घटाएं हैं। जिससे राज्यों के बीच भी असमानता हो गई है। पड़ोसी राज्यों और राजस्थान ने भी पेट्रोल-डीजल की कीमतों में काफी अंतर आ गया है। बीजेपी अनावश्यक रूप से हम पर आरोप लगाती है कि राज्य सरकार वैट के रेट कम क्यों नहीं कर रही है। लेकिन हमारी मांग हर आदमी नहीं समझ पा रहा है। गहलोत ने कहा कि जब तक लोग गहराई में नहीं जाएंगे, हमारी मांग नहीं समझ पाएंगे। हमारी मांग है कि केन्द्र जो भी टैक्स कम करेगा उसके अनुपात में राज्य का भी टैक्स अपने आप कम हो जाएगा।
केंद्र को समझ में आएगा महंगाई बड़ा मुद्दा है-गहलोत
गहलोत ने आरोप लगाया कि पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाने में केन्द्र सरकार की नीति बहुत खराब रही है। हमारी मांग है कि केन्द्र सरकार एक्साइज में 10 से 15 रुपए और कम करे। इससे राजस्थान में 3500 करोड़ रुपए का रेवेन्यू का नुकसान होगा, वो जनहित में हमें मंजूर है। लेकिन जनता की जेब खाली होना बंद होना चाहिए।