सुखराम के निधन पर सलमान खान का शोक संदेश
पंडित सुखराम शर्मा का आज अंतिम संस्कार किया जाना है। इससे पहले पूर्व उनकी पार्थिव देह सेरी मंच में अंतिम दर्शन के लिए रखी जाएगी। दोपहर बाद 1:30 बजे पैतृक गांव में ही उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। पोते आयुष शर्मा भी मंडी पहुंच चुके हैं, जो अपने दादा के अंतिम संस्कार की रस्म को निभाने के बाद आज रात को ही मुंबई वापस लौट जाएंगे।
हनुमान घाट पर होगा अंतिम संस्कार
मिली जानकारी के अनुसार, विधि विधान के साथ पंडित सुखराम की पार्थिव देह को उनके बाड़ी स्थित निवास स्थान से गाड़ी से गणपति रोड से अस्पताल रोड, स्कूल बाजार से होते हुए ऐतिहासिक सेरी मंच तक लाया जाएगा। यहां पर लोगों के लिए दोपहर तक पार्थिव शरीर रखा जाएगा।
दोपहर बाद उनकी अंतिम यात्रा शुरू होगी जो चौहटा बाजार, मोती बाजार, समखेतर से होते हुए हनुमान घाट तक पहुंचेगी। व्यास नदी के किनारे हनुमान घाट पर उनका अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा। जिला सहित अन्य राज्यों से नेता-कांग्रेसी, लोग व रिश्तेदार उनके अंतिम दर्शन करने आ रहे हैं।
बता दें कि पंडित सुखराम का बुधवार सुबह 95 साल की उम्र में देहांत हो गया था। उन्होंने दिल्ली के एम्स में अंतिम सांस ली है। बीती शाम उनकी पार्थिव देह को हेलिकॉप्टर से मंडी लाया गया।
सलमान खान का शोक संदेश
संचार क्रांति के मसीहा एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित सुखराम शर्मा के निधन पर मशहूर अभिनेता सलमान खान ने शोक जाहिर किया है। सलमान खान ने इंस्टाग्राम पर संदेश के जरिए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। सलमान खान की बहन अर्पिता खान सुखराम शर्मा के पोते आयुष शर्मा की पत्नी हैं।