आज से टेस्ट में भी रोहित युग:22 साल बाद टेस्ट में भारत की फुल टाइम कप्तानी एक मुंबईकर करेगा, 2000 में सचिन ने छोड़ी थी कमान

0
News and Publisher

भारतीय टीम शुक्रवार से श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला खेलने उतरेगी। यह मैच टीम इंडिया के दो सबसे बड़े सुपरस्टार्स विराट कोहली और रोहित शर्मा के लिए भी काफी अहम है। विराट अपना 100 टेस्ट खेल रहे हैं तो रोहित इस फॉर्मेट में पहली बार कप्तानी कर रहे हैं। लीडरशिप के नजरिए से देखा जाए तो भारतीय टीम अब विराट युग से रोहित युग में प्रवेश कर रही है। साथ ही 22 साल के लंबे अंतराल के बाद मुंबई का कोई क्रिकेटर भारतीय टेस्ट टीम का फुल टाइम कैप्टन बना है।

साउथ अफ्रीका से हार के बाद सचिन ने छोड़ी थी कप्तानी
रोहित शर्मा से पहले सचिन तेंदुलकर टीम इंडिया की फुल टाइम कप्तानी करने वाले आखिरी मुंबईकर थे। उन्होंने दो अलग-अलग टर्म में टीम की कमान संभाली। साल 2000 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में हार के बाद उन्होंने कप्तानी छोड़ दी। उसके बाद से टीम इंडिया की फुल टाइम कप्तानी मुंबई के किसी क्रिकेटर को नहीं मिली थी। विराट कोहली की गैर हाजिरी में अजिंक्य रहाणे ने कुछ मैचों में पार्ट टाइम कप्तान के तौर पर टीम की कमान जरूर संभाली।

मुंबई भारतीय क्रिकेट का गढ़ भी रहा है। लंबे समय तक भारतीय टीम में भी मुंबई के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। यही वजह है कि कप्तान भी ज्यादातर मुंबई से हुए। पिछले 50 साल में यानी 1972 से अब तक 15 खिलाड़ियों को भारत की फुल टाइम कप्तानी मिली। इनमें से 4 मुंबई से थे। 1972 में अजीत वाडेकर टीम के कप्तान थे। इसके बाद सुनील गावस्कर, दिलीप वेंगसरकर और सचिन तेंदुलकर ने टीम की कमान संभाली। रवि शास्त्री और अजिंक्य रहाणे जैसे पार्ट टाइम कप्तान भी मुंबई से आए।

बेहतर इन्फ्रास्ट्रक्चर और घरेलू क्रिकेट में दबदसे से मिला था मुंबई को फायदा
भारतीय क्रिकेट में मुंबई के दबदबे के पीछे सबसे बड़ी वजह घरेलू क्रिकेट में मुंबई का बेहतरीन प्रदर्शन रहा है। हाल तक रणजी ट्रॉफी में किए प्रदर्शन को टीम इंडिया में सिलेक्शन का सबसे बड़ा पैमाना माना जाता था। मुंबई ने रिकॉर्ड 41 बार यह टूर्नामेंट जीता है लिहाजा बाकी टीमों की तुलना में उसके ज्यादा खिलाड़ी भारतीय टीम में भी आए। इसके अलावा मुंबई में क्रिकेट इन्फ्रास्ट्रक्रचर भी देश के बाकी हिस्सों से बेहतर था। अंग्रेजों ने क्रिकेट को मुंबई में लोकप्रिय बनाया था। मुंबई जिमखाना और क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया जैसी फैसिलिटी मुंबई ने तैयार कर रखी थी। इसलिए देश के अन्य हिस्सों से भी युवा क्रिकेट में करियर बनाने के लिए मुंबई का रुख करते थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *