फिर दिखा अफरशाही का अखिलेश प्रेम..:अखिलेश और मुलायम के पुराने बंगलों का रेनोवेशन करा रहे हैं योगी के अफसर.. खाली करवा लिया था पहले
जिस बंगले में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर टोंटी चोरी का आरोप लगा। जिस बंगले को लेकर मुलायम सिंह सीएम योगी से मिलने उनके दफ्तर पहुंचे थे। उनसे गुहार तक लगाई थी। जिस बंगले को खाली कराने को लेकर खूब सियासत हुई। साढ़े तीन साल बाद एक बार फिर उसी बंगले ने सियासी तापमान बढ़ा दिया है। विक्रमादित्य मार्ग पर अखिलेश और मुलायम के बंगले की साफ-सफाई और मरम्मत का काम शुरू हो गया है।
चुनावी के नतीजों से पहले 3 साल 8 महीने से बंद पड़े दोनों बंगलों की मरम्मत और साफ सफाई यूपी सरकार का संपत्ति विभाग करवा रहा है। दिलचस्प बात ये है कि राज्य संपत्ति विभाग का प्रभार सीएम योगी के एसीएस के पास ही है। अब सत्ता के गलियारों में इन घटनाक्रम को बदलाव के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
लखनऊ के विक्रमादित्य मार्ग पर स्थित बंगला नंबर 4 और 5 पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश और मुलायम सिंह को आवंटित किए गए थे। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद जून 2018 में इन्हें खाली करवा लिया गया। 3 साल 8 महीने से ये किसी को भी आवंटित नहीं किए गए। इससे यहां हर तरफ झाड़ियां उग आईं थीं। राज्य संपत्ति विभाग के अधिकारियों ने गेट बाहर से बंद कराकर अंदर ही अंदर मरम्मत और साफ-सफाई का काम शुरू कर दिया है।
5 नंबर बंगले की दीवारों और छतों पर प्लास्टर के साथ फिटिंग भी बदली जा रही है। एंटी-टरमाइट (दीमकरोधी) ट्रीटमेंट हो रहा है। शीशे बदले गए हैं। भीतर दो बार सफाई हो चुकी है। निगम के ट्रकों को कचरा लेकर चुपके से बाहर निकाला जा रहा है।