डोटासरा बोले- BJP में CM की रेस का कंपटीशन:प्रदेश अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष व उपनेता प्रतिपक्ष के बीच बातचीत नहीं होती, गुटबाजी भी चरम पर
जिले के मेहंदीपुर बालाजी में चल रहे कांग्रेस के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा भाजपा के लोग झूठी बातों का प्रचार करने में माहिर हैं। जो लोगों को गुमराह कर सत्ता में बैठे हुए हैं। भाजपा पर निशाना साधते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा में गुटबाजी चरम पर है, उनके 8 नेता मुख्यमंत्री की रेस में चल रहे हैं।
बीजेपी में गुटबाजी
डोटासरा ने कहा कि एक मीडिया रिपोर्ट में मैंने पढ़ा कि नेता प्रतिपक्ष, उप नेता प्रतिपक्ष व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के बीच बातचीत ही नहीं होती। विपक्ष की भूमिका सही ढंग से नहीं निभाने के कारण लोग उनसे नाराज हैं। पांच राज्यों के चुनाव परिणामों का राजस्थान चुनावों में असर होने के सवाल पर डोटासरा ने कहा कि प्रत्येक राज्य की अलग-अलग परिस्थितियां होती हैं। उन राज्यों की हार का राजस्थान में कोई असर नहीं होगा, क्योंकि कांग्रेस सरकार की गरीब कल्याण की योजनाओं के बल पर 2023 में फिर से रिपीट होगी। जनता की भावनाएं कांग्रेस के साथ हैं।
प्रदेश में आप पार्टी का अस्तित्व नहीं
पंजाब की तर्ज पर राजस्थान में भी आम आदमी पार्टी के विस्तार के सवाल पर गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि राजस्थान में सिर्फ कांग्रेस-भाजपा दो ही पार्टियां हैं, तीसरी पार्टी का यहां कोई अस्तित्व नहीं है। अभी तक किसी को यह भी नहीं पता कि आम आदमी पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष कौन व प्रदेश कार्यालय कहां पर स्थित है। इसकी संभावनाएं पूरी तरह नगण्य हैं।
इन नेताओं ने किया सम्बोधित
दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर को चिकित्सा मंत्री परसादीलाल मीणा, महिला बाल विकास मंत्री ममता भूपेश, कृषि विपणन एवं पर्यटन राज्य मंत्री मुरारी लाल मीणा, बांदीकुई विधायक जीआर खटाणा, प्रदेश सचिव जसवंत गुर्जर, जिलाध्यक्ष रामजीलाल ओढ़, जिला प्रमुख हीरालाल सैनी ने संबोधित करते हुए सरकार की योजनाओं को नीचे तक पहुंचाने की बात करते हुए 2023 में सरकार रिपीट करने का संकल्प दिलाया।
बालाजी मंदिर में लगाई ढोक
इससे पहले पीसीसी चीफ डोटासरा ने मंदिर पहुंचकर बालाजी महाराज के दर्शन किए। मंत्री ममता भूपेश व मुरारी लाल मीणा के साथ बालाजी दरबार में धोक लगाकर खुशहाली की कामना की। उसके बाद मंदिर ट्रस्ट के जगदीशपुरी ने उनका अभिनंदन किया व मंदिर के नवीनीकरण की जानकारी देकर प्रसादी भेंट की।