मारियुपोल में रूसी डेडलाइन खत्म, यूक्रेन ने खारिज किया सरेंडर का प्रस्ताव; कीव में रिहाइशी एरिया पर एयर स्ट्राइक
रूस-यूक्रेन जंग का आज 26वां दिन है। मारियुपोल शहर पर फाइनल कब्जे के लिए रूस की तरफ से दी गई सरेंडर की डेडलाइन खत्म हो गई है। रॉयटर्स के मुताबिक, रूस ने रविवार रात को मारियुपोल एडमिनिस्ट्रेशन को सरेंडर के लिए मॉस्को के समय के हिसाब से सुबह 5 बजे (भारतीय समयानुसार सुबह 8 बजे) की डेडलाइन दी थी। हालांकि यूक्रेन ने सरेंडर के इस प्रस्ताव को पहले ही ठुकरा दिया है।
उधर, रूसी सेना ने रविवार रात को राजधानी कीव के रिहाइशी इलाके पर एयर स्ट्राइक कर दी। इस एयरस्ट्राइक में एक आदमी की मौत हो गई और कई घर व एक शॉपिंग मॉल ध्वस्त हो गए हैं। मॉल के मलबे से यूक्रेनी इमरजेंसी सर्विस ने एक आदमी को जिंदा निकाला है।
सरेंडर करने का सवाल ही नहीं उठता : यूक्रेन
CNN के मुताबिक, यूक्रेन की डिप्टी पीएम इरिना वेरेस्चुक ने कहा कि सरेंडर करने का कोई सवाल ही नहीं उठता है। किसी भी तरह सरेंडर या हथियार डालने जैसी कोई बातचीत नहीं हो सकती है। हम इस बारे में पहले ही रूस को बता चुके हैं। रूस को 8 पेज के लेटर पर टाइम खराब करने के बजाय मानवीय कॉरिडोर खोलना चाहिए।