वंशवाद की राजनीति करने वालों का जीवन परिवार से शुरू, परिवार पर खत्म
जयपुर में चल रही भाजपा की राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस का नाम लिए बिना परिवारवाद की राजनीति को ही प्रमुखता देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ये परिवारवादी पार्टियां आज भी देश को पीछे ले जाना चाहती हैं। उनका सार्वजनिक जीवन परिवार से शुरू होता है और सिर्फ परिवार के लिए ही होता है। बैठक को वर्चुअली संबोधित करते हुए मोदी करीब 43 मिनट बोले।
ऐसे लोगों को जोड़ें, जिनका परिवार राजनीति में नहीं
प्रधानमंत्री ने कहा कि हमें ऐसे लोगों को भाजपा में मौका देना है, उन्हें पार्टी से जोड़ना है, जिसका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है। हमें याद रखना है कि परिवारवाद की राजनीति से धोखा खाने वाले लोगों का भरोसा भाजपा ही लौटा सकती है। परिवार-वंशवाद की राजनीति ने देश में भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है। लोकतंत्र बचाने के लिए परिवारवाद की राजनीति के खिलाफ संघर्ष करना होगा।
वंशवादियों ने गांधी के विजन के विपरीत काम किया
उन्होंने कहा कि वंशवाद के राजनीतिक कीचड़ में भी हमने कमल को खिलाया है। आजादी के बाद से परिवारवाद-वंशवाद की राजनीति ने देश का भयंकर नुकसान किया है। महात्मा गांधी का देश में सिर्फ नाम लिया गया, काम उनके विजन से उल्टे किए गए। वे देश में स्वावलंबन चाहते थे, लेकिन सालों तक देश को विदेशों पर निर्भर बना दिया गया, लेकिन आज देश आत्मनिर्भरता के रास्ते पर चल पड़ा है। ये काम भाजपा ने ही किया है।
विकासवाद की राजनीति की स्थापना होनी चाहिए
मोदी ने कहा कि देश में विकासवाद की राजनीति की स्थापना होनी चाहिए। कोई भी दल हो, उसको भी विकासवाद की राजनीति पर आने के लिए मजबूर करना है। हम बड़े गर्व से कहते हैं कि यह भाजपा है, जिसने विकासवाद की राजनीति को देश की राजनीति की मुख्यधारा में लेकर आई है। कोई भी चुनाव हो, विकास पर विश्वास करने वाले लोग हों या समाज को तोड़ने की राजनीति करने वाले हों, चुनाव में हर किसी को विकास की बात करनी पड़ती है। कुछ लोगों ने विकास को भी विकृत रूप दे दिया है, ऐसे लोग समाज में तनाव को ढूंढकर जातिवाद, क्षेत्रवाद और अन्य मामले उठाकर अपना स्वार्थ सिद्ध करते हैं। ये लोग समाज की कमजोरियों के साथ खेल रहे हैं।