अभिनेत्री डिम्पल कपाड़िया और फ़िल्म स्टार अक्षय कुमार की सास ने लगाई पवित्र पुष्कर सरोवर में डुबकी

अजमेर: तीर्थ नगरी पुष्कर में शुक्रवार को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं का रैला उमड़ पड़ा। अलसुबह से ही सरोवर के घाटों पर श्रद्धालुओं की खासी भीड़ है। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं और साधु संतों का आना जारी है और यह क्रम दिनभर चलेगा।
अक्षय कुमार की सास और फिल्म अभिनेत्री डिंपल कपाड़िया ने भी पुष्कर सरोवर की पूजा अर्चना कर स्नान किया। वहीं, मेले में सुबह के मुकाबले दिन चढ़ने के साथ श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती देखी गई। इस दौरान सुरक्षा के लिहाज से जगह जगह पुलिसकर्मी भी तैनात किए गए।
सुबह 5 बजे से ही स्नान का सिलसिला शुरू हो गया। सुबह से बादल छाए रहे। कभी-कभी हल्की हल्की फुआरें भी होती रही। पुष्कर सरोवर के मुख्य गौ-घाट, ब्रह्म घाट, बद्री घाट, सप्तऋषि घाट और वराह घाट पर स्नानार्थियों का दिन भर जमघट लगा रहा। स्नान के बाद श्रद्धालु सरोवर की परिक्रमा कर ब्रह्मा मंदिर समेत प्रमुख मंदिरों के दर्शन कर दान-पुण्य कर रहे हैं।